आरंग में 'हर घर मुनगा अभियान-2026' का शुभारंभ, पहले ही दिन 7 हजार से अधिक पौधों का रोपण
आरंग में 'हर घर मुनगा अभियान-2026' का शुभारंभ, पहले ही दिन 7 हजार से अधिक पौधों का रोपण

आरंग। पर्यावरण संरक्षण, कुपोषण मुक्ति और जनस्वास्थ्य को बढ़ावा देने के उद्देश्य से महिला एवं बाल विकास विभाग, विकासखंड आरंग द्वारा बुधवार को वृहद वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। "एक पेड़ माँ के नाम" अभियान के साथ 'हर घर मुनगा अभियान-2026' का शुभारंभ नगर पालिका परिषद आरंग के अध्यक्ष डॉ. संदीप जैन ने परियोजना कार्यालय, एकीकृत बाल विकास सेवा परिसर में मुनगा का पौधा रोपकर किया। अभियान के पहले ही दिन पूरे आरंग परियोजना क्षेत्र में 7 हजार से अधिक मुनगा के पौधे लगाए गए। इसके तहत परियोजना के 250 आंगनबाड़ी केंद्रों, महतारी वंदन योजना की हितग्राही महिलाओं के घरों, गर्भवती एवं शिशुवती माताओं तथा कुपोषित बच्चों के परिवारों में पौधरोपण किया गया। अभियान का उद्देश्य प्रत्येक परिवार को पौष्टिक आहार, हरित पर्यावरण और बेहतर स्वास्थ्य से जोड़ना है। कार्यक्रम में महिला एवं बाल विकास सभापति प्रतिनिधि विक्रम परमार, वेदप्रकाश देवांगन, नरेंद्र लल्ला साहनी, नागेंद्र विश्वकर्मा एवं गोलू सहित जनप्रतिनिधि और विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे। सभी ने स्वयं पौधरोपण कर अभियान को जनआंदोलन बनाने का संकल्प लिया। इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष डॉ. संदीप जैन ने कहा कि मुनगा केवल एक पौधा नहीं, बल्कि पोषण, स्वास्थ्य और पर्यावरण का अमूल्य उपहार है। यदि प्रत्येक परिवार अपने घर में मुनगा का पौधा लगाए और उसकी देखभाल करे तो भविष्य में कुपोषण जैसी समस्या पर प्रभावी नियंत्रण पाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि "एक पेड़ माँ के नाम" और "हर घर मुनगा अभियान" आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ वातावरण और बेहतर स्वास्थ्य देने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने पौधे लगाने के साथ-साथ उन्हें जीवित रखने का भी आह्वान किया। महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारियों ने बताया कि अभियान के माध्यम से लोगों को मुनगा के औषधीय एवं पोषण संबंधी महत्व की जानकारी भी दी जा रही है। विभाग का लक्ष्य आंगनबाड़ी केंद्रों के माध्यम से अधिक से अधिक परिवारों तक मुनगा के पौधे पहुंचाकर उन्हें स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना है। कार्यक्रम के अंत में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों एवं आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा उनकी नियमित देखभाल करने का संकल्प लिया।



