एसकेएमएस का त्रिवार्षिक चुनाव संपन्न, अध्यक्ष बने नोमेश्वर राव तो सचिव बने प्रदीप नामदेव
एसकेएमएस का त्रिवार्षिक चुनाव संपन्न, अध्यक्ष बने नोमेश्वर राव तो सचिव बने प्रदीप नामदेव

किरंदुल, एनएमडीसी किरंदुल परियोजना के सबसे बड़े मजदूर संगठन संयुक्त खदान मजदूर संघ (SKMS) का 21वां त्रिवार्षिक सम्मेलन आज संपन्न हुआ। सम्मेलन में चुनाव के माध्यम से नए पदाधिकारियों का चयन किया गया। अध्यक्ष पद के लिए दो प्रत्याशियों ने नामांकन भरा था। विभिन्न विभागों से चुनकर आए 99 डेलीगेट्स ने मतदान किया। इसमें एस. नोमेश्वर राव ने भारी मतों के अंतर से पूर्व अध्यक्ष देवरायलू को पराजित कर बाजी मारी। वहीं सचिव पद पर पिछले लगभग 15 वर्षों से काबिज राजेश संधू के सेवानिवृत्त होने के बाद इस पद पर सभी की निगाहें टिकी थीं। इस पद के लिए तीन प्रत्याशी रोशन मिश्रा, प्रदीप नामदेव एवं घनश्याम वर्मा मैदान में थे, जिसमें प्रदीप नामदेव ने जीत दर्ज कर सचिव पद पर कब्जा जमाया। कार्यकारी अध्यक्ष पद पर चार प्रत्याशियों में से दामोदर सिंह नाग ने विजय प्राप्त की। संगठन सचिव पद पर सुमित धर ने पुनः कब्जा जमाया। कार्यालय सचिव पद पर बीनू सेम्युअल और कोषाध्यक्ष पद पर देवेंद्र कटारिया विजयी रहे। संयुक्त खदान मजदूर संघ का यह 21वां अधिवेशन एनएमडीसी फेडरेशन के सचिव राजेश संधू की अध्यक्षता में दो सत्रों में संपन्न हुआ। प्रथम सत्र के ओपन सेशन में मुख्य अतिथि के रूप में एनएमडीसी किरंदुल परियोजना के अधिशासी निदेशक रविंद्र नारायण उपस्थित थे। साथ ही इंटक सचिव ए.के. सिंह, कार्यकारी अध्यक्ष चिन्नास्वामी, बचेली एसकेएमएस सचिव जागेश्वर प्रसाद, अध्यक्ष रवि मिश्रा, भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी के प्रदेश सचिव के. साजी, नगरनार स्टील प्लांट एसकेएमएस के अध्यक्ष-सचिव, महिला फेडरेशन किरंदुल की अध्यक्ष अनिल राजिमोल, सचिव भावना सर्वदे, एसटी-एससी कर्मचारी कल्याण संघ के अध्यक्ष बी.एल. ताराम सहित बड़ी संख्या में सदस्य उपस्थित थे। *नवनिर्वाचित पदाधिकारियों ने जताया आभार* नवनिर्वाचित अध्यक्ष नोमेश्वर राव ने कहा, "आज के इस चुनाव में प्रत्यक्ष-अप्रत्यक्ष रूप से मुझे सहयोग कर विजय दिलाने के लिए मैं आप सभी साथियों का तहे दिल से धन्यवाद करता हूं। जिस विश्वास के साथ आप लोगों ने मुझे इस पद पर आसीन किया है, मैं हमेशा मजदूरों के हितों के लिए समर्पित रहूंगा और संगठन की मजबूती के लिए संघर्षरत रहूंगा।" वहीं नवनिर्वाचित सचिव प्रदीप नामदेव ने कहा, "जिस विश्वास के साथ साथियों ने मुझे मत दिया है, मैं उनके विश्वास पर खरा उतरूंगा और सभी के सहयोग से मजदूरों की समस्याओं के निराकरण के लिए सदैव तत्पर रहूंगा।"



