जेईई-नीट की तैयारी के लिए विद्यार्थियों को मिलेगी निःशुल्क आवासीय कोचिंग
जेईई-नीट की तैयारी के लिए विद्यार्थियों को मिलेगी निःशुल्क आवासीय कोचिंग

उत्तर बस्तर कांकेर 17 अगस्त 2026/ जिले के प्रतिभावान विद्यार्थियों को जेईई एवं नीट जैसी राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए अब बड़े शहरों की महंगी कोचिंग पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा। प्रतियोगी परीक्षाओं में उन्हें सफलता दिलाने तथा गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने जिला प्रशासन एवं स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा “ऊंची उड़ान” जेईई एवं नीट की निःशुल्क आवासीय कोचिंग योजना का शुभारंभ किया जा रहा है। कलेक्टर श्री निलेशकुमार महादेव क्षीरसागर के निर्देशन मंे जिले के शासकीय एवं आवासीय विद्यालयों में अध्ययनरत कक्षा 11वीं एवं 12वीं के पात्र विद्यार्थियों को चयन परीक्षा के माध्यम से निःशुल्क आवासीय कोचिंग प्रदान की जाएगी तथा कोचिंग का शुभारंभ आगामी 01 सितंबर 2026 से होगी। एक ही परिसर में पढ़ाई, आवास और मार्गदर्शन “ऊंची उड़ान” के अंतर्गत चयनित विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए आवश्यक आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी, जिसमें विषय विशेषज्ञ एवं अनुभवी शिक्षकों द्वारा नियमित कक्षाएं, शंका समाधान, डिजिटल क्लासरूम, 24×7 हाई-स्पीड वाई-फाई, स्टडी मटेरियल, टेस्ट सीरीज और निरंतर मूल्यांकन जैसी सुविधाएं उपलब्ध होंगी। विद्यार्थियों के लिए निःशुल्क आवास एवं भोजन की भी व्यवस्था रहेगी। नियमित टेस्ट एवं प्रगति के मूल्यांकन के आधार पर विद्यार्थियों को आवश्यकतानुसार अतिरिक्त मार्गदर्शन दिया जाएगा। प्रवेश परीक्षा के माध्यम से होगा चयन इसमें प्रवेश के लिए विद्यार्थियों का चयन निर्धारित चयन एवं प्रवेश परीक्षा के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया प्रारंभ हो चुकी है। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि 25 अगस्त, रोल नंबर जारी करने की तिथि 28 अगस्त, चयन, प्रवेश परीक्षा 30 अगस्त तथा आवासीय कोचिंग का शुभारंभ 01 सितंबर 2026 निर्धारित है। इसके अलावा दूरस्थ क्षेत्रों के विद्यार्थियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए प्रवेश परीक्षा के लिए जिले के सभी विकासखंड मुख्यालयों में परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। परीक्षा केंद्र जिले के सभी विकासखण्ड मुख्यालयों में स्थापित किए गए हैं। इस संबंध मंे बताया गया कि विद्यार्थी विद्यालय के प्राचार्य अथवा संबंधित विकासखंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय से योजना की पात्रता एवं आवेदन प्रक्रिया की जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। जिला पंचायत सीईओ श्री हरेश मंडावी ने जिले के सभी पात्र विद्यार्थियों एवं अभिभावकों से अपील की है कि ऊंची उड़ान योजना को अपने सपनों को साकार करने का सुनहरा अवसर है। सही अवसर, उचित मार्गदर्शन और निरंतर प्रयास से ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों के विद्यार्थी भी जेईई एवं नीट जैसी प्रतिष्ठित परीक्षाओं में सफलता हासिल कर सकते हैं।



